दरभंगा में पुल के नीचे मिला 30 वर्षीय युवक का शव, हत्या कर फेंकने की आशंका
बेनीपुर (दरभंगा)। बहेड़ा थाना क्षेत्र के लवानी गांव में बुधवार सुबह पुल के नीचे एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान लवानी निवासी शत्रुघन यादव के पुत्र मंग्नू यादव (30) के रूप में हुई है। प्रथमदृष्टया युवक की हत्या कर शव को पुल के नीचे ठिकाने लगाए जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।
जानकारी के अनुसार, मंग्नू यादव बुधवार सुबह अपना खेत देखने के लिए घर से निकले थे। करीब एक घंटे बाद भी जब वह वापस नहीं लौटे तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान पुल के नीचे खेत के पास उनकी चप्पल और मोबाइल फोन मिला। इससे परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई।
इसके बाद स्वजन और ग्रामीणों ने आसपास के इलाकों और झाड़ियों में तलाश शुरू की। इसी दौरान झाड़ियों के बीच मंग्नू का शव दिखाई दिया। शव मिलने की जानकारी होते ही परिवार में कोहराम मच गया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
घटना से नाराज ग्रामीणों ने बांस-बल्ला लगाकर सड़क जाम कर दिया। ग्रामीण पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए घटना में शामिल आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी की मांग करने लगे। सड़क जाम होने से आवागमन भी प्रभावित रहा।
सूचना मिलते ही बहेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित लोगों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ पुलिस घटना से जुड़े विभिन्न पहलुओं की पड़ताल कर रही है।
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मंग्नू की मौत किन परिस्थितियों में हुई और इसमें किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका है या नहीं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी। मौके पर एसडीपीओ बासुकीनाथ झा, थानाध्यक्ष पंकज कुमार समेत पुलिस बल मौजूद रहा। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
