क्राइमराष्ट्रीय

बेतिया में सेनको ज्वेलर्स लूटकांड की जांच तेज, तीन संदिग्ध हिरासत में; 18 करोड़ के जेवर लूटने का अनुमान

बेतिया। सेनको ज्वेलर्स शोरूम में हुई करोड़ों रुपये की लूट की घटना के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है। मामले में पुलिस को कई अहम सुराग मिले हैं। इसी आधार पर तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस लूट में इस्तेमाल की गई बाइक की पहचान भी कर चुकी है और अब उसके जरिए आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

शोरूम संचालक राकेश कुमार के मुताबिक, वारदात के बाद दुकान के अंदर काफी संख्या में आभूषण फर्श पर बिखरे मिले। इस वजह से अभी तक लूटे गए गहनों का सही स्टॉक मिलान नहीं हो सका है। शुरुआती अनुमान के अनुसार, बदमाश करीब 18 करोड़ रुपये के हीरे और सोने के आभूषण लेकर फरार हुए हैं।

घटना की जांच के दौरान पुलिस ने डॉग स्क्वायड की भी सहायता ली थी। टीम को कुछ अहम साक्ष्य मिले हैं, जिनके आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। एसआईटी इन सुरागों को ध्यान में रखते हुए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है।

एसडीपीओ अजीत कुमार के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम अलग-अलग स्थानों पर दबिश दे रही है। हिरासत में लिए गए संदिग्धों से पूछताछ के अलावा उनके संपर्कों और गतिविधियों की भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस तकनीकी जांच और स्थानीय स्तर पर मिल रही सूचनाओं को जोड़कर अपराधियों की पहचान करने में लगी है।

वहीं, डीआईजी हरकिशोर राय ने पुलिस अधिकारियों को दो दिनों के भीतर इस बड़ी लूट का खुलासा करने का निर्देश दिया है। पुलिस की कई टीमें मामले के पर्दाफाश और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *