राजस्थानराष्ट्रीय

पाली की फैक्टरी में भीषण अग्निकांड, तीन मजदूर गंभीर रूप से झुलसे; दो की तलाश जारी

पाली (राजस्थान)। राजस्थान के पाली जिले के औद्योगिक क्षेत्र स्थित सारड़ा बायो पॉलिमर्स की गम-ग्वार फैक्टरी में रविवार देर रात अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। घटना के समय फैक्टरी में नाइट शिफ्ट के दौरान 17 मजदूर काम कर रहे थे। आग की चपेट में आने से तीन मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए, जबकि दो अन्य के फैक्टरी के अंदर फंसे होने की आशंका है। हादसे की सूचना मिलते ही दमकल विभाग, पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। करीब साढ़े चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सोमवार सुबह चार बजे आग पर काबू पाया जा सका।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, फैक्टरी में लिफ्ट के पास शॉर्ट सर्किट होने से आग लगी। देखते ही देखते लपटों ने विकराल रूप धारण कर लिया और परिसर के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। आग फैलने के बाद वहां काम कर रहे 12 मजदूर किसी तरह मुख्य द्वार से बाहर निकलने में सफल रहे। हालांकि, तीन मजदूर आग में झुलस गए और दो अन्य के अंदर फंसे होने की जानकारी सामने आई।

तीन मजदूरों की हालत गंभीर, जोधपुर रेफर

हादसे में विक्की (19), अवधेश कुमार (40) और राजू (28) गंभीर रूप से झुलस गए। आग की चपेट में आने के बाद तीनों किसी तरह फैक्टरी से बाहर निकले और सड़क पर पहुंचकर अचेत हो गए। बताया जा रहा है कि तीनों करीब 70 प्रतिशत तक झुलस गए हैं।

घटना के दौरान वहां से गुजर रहे गुरु नगर निवासी रवि और महेंद्र ने घायलों को देखा। उन्होंने एंबुलेंस का इंतजार करने के बजाय अपनी कार से तीनों को तत्काल बांगड़ अस्पताल पहुंचाया। गोपाल पंवार ने भी घायलों को अस्पताल भिजवाने में मदद की और दमकल विभाग को सूचना दी। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद तीनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए जोधपुर रेफर कर दिया गया।

आठ दमकल गाड़ियों ने संभाला मोर्चा

आग की गंभीरता को देखते हुए पाली के अलावा सोजत, रानी, फालना और सुमेरपुर से भी दमकल गाड़ियों को बुलाया गया। कुल आठ दमकल गाड़ियों ने आग बुझाने के लिए करीब 55 चक्कर लगाए। लगातार प्रयासों के बाद सोमवार सुबह लगभग चार बजे आग पर नियंत्रण पाया जा सका।

आग से फैक्टरी परिसर में खड़ी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली भी पूरी तरह जल गई। वहीं, परिसर में मौजूद बड़े गैस सिलिंडरों तक आग नहीं पहुंची, जिससे एक अन्य बड़े हादसे की आशंका टल गई।

दो मजदूरों की तलाश में जुटी बचाव टीमें

आग बुझाने के बाद राहत और बचाव कार्य तेज कर दिया गया। फैक्टरी के अंदर तक पहुंचने और तलाशी अभियान को आसान बनाने के लिए जेसीबी की सहायता से दीवार तोड़ी गई। इसके बाद मलबा हटाकर अंदर फंसे बताए जा रहे दोनों मजदूरों की तलाश शुरू की गई। फिलहाल उनकी स्थिति के बारे में स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।

हादसे की सूचना मिलने पर उपखंड अधिकारी विमलेंद्र सिंह राणावत, सीओ सिटी मंगलेश चुण्डावत और औद्योगिक थाना पुलिस की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस, दमकलकर्मी और बचाव दल लगातार राहत कार्य में जुटे हुए हैं। आग लगने के वास्तविक कारणों और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *