क्राइमराष्ट्रीय

जींद के जुलाना में 22 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या, वारदात के बाद फरार हुए हमलावर

जींद। हरियाणा के जींद जिले के जुलाना में देर रात गोलीबारी की वारदात में 22 वर्षीय युवक की जान चली गई। मृतक की पहचान गांव करेला निवासी कृष्ण उर्फ डैनी के रूप में हुई है। वह पूर्व सैनिक जगदीश का बेटा था। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

जानकारी के अनुसार, जगदीश पिछले कुछ महीनों से अपने परिवार के साथ जुलाना में रह रहे हैं। उनका बेटा कृष्ण रात को अपने कुछ दोस्तों के साथ पार्टी करने के लिए एक होटल में गया था। करीब 11 बजे वह घर लौट रहा था। इसी दौरान जब वह जुलाना के पुराने बस स्टैंड के पास पहुंचा, तो कार सवार कुछ युवकों ने उसे आवाज देकर अपने पास बुलाया।

बताया जा रहा है कि कृष्ण जैसे ही युवकों के पास पहुंचा, उनमें से एक ने उस पर गोली चला दी। गोली उसकी छाती में लगी। घायल होने के बाद कृष्ण ने वहां से भागने की कोशिश की, लेकिन कुछ दूरी पर जाकर गिर पड़ा। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।

गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे और कृष्ण के परिजनों तथा पुलिस को सूचना दी। परिजन उसे उपचार के लिए पीजीआई रोहतक ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

जुलाना थाना प्रभारी कमल सिंह के अनुसार, पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटनास्थल से जुड़ी एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है, लेकिन उसमें दिखाई दे रहे युवकों की पहचान अभी नहीं हो पाई है। पुलिस परिजनों के बयान दर्ज कर रही है।

फिलहाल हत्या के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। हालांकि, बताया गया है कि कुछ दिन पहले कृष्ण उर्फ डैनी का गांव के ही एक युवक के साथ झगड़ा हुआ था। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *